मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया बजरंग सेतु और हिलांस हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता श्री ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं एवं निर्माण संबंधी पहलुओं की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड नरेंद्रनगर के प्लास्डा स्थित हिलांस हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या, स्थानीय उत्पादों के उपयोग और दैनिक बिक्री से संबंधित जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा मेन्यू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को सरकार द्वारा और अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों।
इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डीएम टिहरी श्रीमती नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे, नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर श्री आशीष घिल्डियाल, डीडीओ मो. असलम, ईओ तपोवन अंजलि तथा बीडीओ श्रुति वत्स सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
