
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
हरिद्वार, 04 जून 2026। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। जिला प्रशासन अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कार्रवाई कर रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में उप जिलाधिकारी मुख्यालय एवं नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में गुरुवार को ललतारौ पुल से अपर रोड क्षेत्र तक नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए खोखों, ठेलियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या तथा आगामी कांवड़ मेले को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने और श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही अवैध कब्जाधारकों को चेतावनी दी गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार क्रांति इंडिया |
