भारत की मिट्टी का खेल है कबड्डी: त्रिवेंद्र सिंह रावत
शहीद सोनीत सैनी एवं विकास सैनी मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का समापन, गुरुकुल कांगड़ी और गुरु प्रथ अकादमी ने जीती ट्रॉफी
बालक एवं बालिका वर्ग की विजेता टीमों को 11-11 हजार रुपये और उपविजेता टीमों को 5,100-5,100 रुपये के चेक देकर किया सम्मानित
नगर पंचायत इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)। फीनिक्स यूनिवर्सिटी, इमलीखेड़ा में शहीद सोनीत सैनी एवं शहीद विकास सैनी की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का समापन ट्रॉफी और मेडल वितरण के साथ हुआ। खेलो स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के तत्वावधान में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार और बालिका वर्ग में गुरु प्रथ अकादमी, हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कबड्डी भारतीय संस्कृति से जुड़ा खेल: त्रिवेंद्र सिंह रावत
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कबड्डी भारत की मिट्टी से जुड़ा खेल है। ऐसे पारंपरिक खेलों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमित स्थान पर इतने बड़े स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होना अनुशासन और बेहतर प्रबंधन का उदाहरण है। उन्होंने आयोजन के लिए रोमा सैनी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा भी किया।
शहीदों की स्मृति को जीवंत रखना आयोजन का उद्देश्य: रोमा सैनी
कार्यक्रम की आयोजक रोमा सैनी ने कहा कि शहीद सोनीत सैनी एवं शहीद विकास सैनी की स्मृति में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है, ताकि उनके बलिदान और स्मृतियों को हमेशा जीवंत रखा जा सके। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उपविजेता टीमों का भी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी कमियों को दूर कर आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
गुरुकुल कांगड़ी और गुरु प्रथ अकादमी ने जीते खिताब
दो दिवसीय प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बालक वर्ग के फाइनल में गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि रांगड़वाला की टीम दूसरे स्थान पर रही।वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में गुरु प्रथ अकादमी, हरिद्वार की टीम ने शेफील्ड स्कूल, बेडपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया। शेफील्ड स्कूल की टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ 11-11 हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किए गए। वहीं, उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और 5,100-5,100 रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया।
20 टीमों ने किया प्रतिभाग
इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनमें बालिका वर्ग की आठ और बालक वर्ग की 12 टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन की अतिथियों तथा स्थानीय लोगों ने सराहना की। इससे पूर्व अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद टॉस कराया गया और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दोनों टीमों के कप्तानों का हाथ उठाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए जमकर पसीना बहाया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, पूर्व सांसद हरपाल सिंह साथी, पूर्व राज्यमंत्री वीरेंद्र सिंह सैनी, चेयरमैन मनोज सैनी, देशपाल रोड, महेश पाल, संजय सैनी, गुरजिंदर सिंह, पंकज सैनी, मयंक गुप्ता, मोहम्मद अफजाल, योगी रोड, आदित्य रोड और चैंपियन सूरज रोड सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका संदीप, अभिषेक और पुलकित लोहान सहित अन्य लोगों ने निभाई।
शहीदों की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया। आयोजन के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
