शहीद सोनीत सैनी एवं विकास सैनी मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट में पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम: ऋतु भूषण खंडूड़ी
नगर पंचायत इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)। शहीद सोनीत सैनी एवं विकास सैनी की स्मृति में आयोजित मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने तथा अपने प्रदर्शन से क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।शहीद सोनीत सैनी एवं विकास सैनी की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता का आयोजन खेलो स्कूल स्पोर्ट प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से किया गया। आयोजन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रायोजक रमा सैनी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर आयोजन से जुड़े लोगों ने प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, इमलीखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, चेयरमैन राजीव गर्ग, सांसद प्रतिनिधि विक्रम गर्ग, देशपाल रोड, सतबीर रोड, सुरेश रोड, अनिल पाल तथा फोनिक्स संस्थान के अध्यक्ष चिरब जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन ने शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
