
पूर्व प्रत्याशी मुनीश सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक, गांवों में रुके विकास कार्यों की तैयार की गई सूची
रुड़की (सुमित सैनी)। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के इमलीखेड़ा मंडल में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुनीश सैनी ने की। इस दौरान मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भाग लेकर क्षेत्र के विकास एवं संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा जिन स्थानों पर विकास कार्य किसी कारणवश रुके हुए हैं, उनकी जानकारी एकत्रित करना रहा। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। साथ ही अधूरे और लंबित कार्यों की सूची तैयार कर उन्हें संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पूरा कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को संगठन और प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके साथ ही गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया गया।

कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि इमलीखेड़ा मंडल के इतिहास में पहली बार किसी मंडल बैठक में इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी एकत्र हुए हैं। बैठक का समापन क्षेत्र के समग्र विकास और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
बैठक में इमलीखेड़ा मंडल अध्यक्ष गौरव मोहन सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज पाल, चेयरमैन अनिल पाल, मंडल महामंत्री पंकज सैनी, नवीन पाल, कवर पाल सैनी, रवि सैनी, अश्वनी सैनी, अंकित शर्मा,धुली सिंह रोड, पवन रोड, धीरज प्रधान, चेयरमैन अभिनव सैनी, संदीप पुरी, अमित पाल, अनीता सैनी, सुरेंद्र, प्रमोद सैनी, राकेश मास्टर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
