
रुड़की (सुमित सैनी)। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी का क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

इसके बाद डॉ. कल्पना सैनी ने राज्यसभा सांसद निधि से निर्मित नगला एमाद, मोहम्मदपुर पांडा एवं हालूमाजरा गांवों में बनी सड़कों का फीता काटकर लोकार्पण किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जहां भी विकास कार्यों की आवश्यकता होगी, वहां विकास कार्य कराने के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह निरंतर कार्य कर रही हैं तथा भविष्य में भी लोगों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए सांसद का आभार व्यक्त किया।
