रुड़की: किसानों को मुफ्त बिजली-पानी और स्थानीय युवाओं को 70% रोजगार देने की मांग, किसान मजदूर संगठन ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

झबरेड़ा, 31जुलाई (सुमित सैनी)। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) ने उत्तराखंड के किसानों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाए।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी एडवोकेट ने बताया कि 5 जून 2026 को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में विधायक से विधानसभा में सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित कराने की मांग की गई है।

संगठन ने मांग की है कि उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई के लिए नलकूपों और नहरों से 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और पानी उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद राज्य के किसान महंगे बिजली बिल और वाटर सेस का बोझ उठा रहे हैं, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में किसानों को मुफ्त या रियायती बिजली की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही संगठन ने राज्य के सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी उद्योगों, विशेषकर सिडकुल क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता न मिलने से बेरोजगारी और पलायन लगातार बढ़ रहा है।
महक सिंह सैनी ने कहा कि उत्तराखंड पूरे देश को बिजली उपलब्ध कराता है, लेकिन यहां का किसान खुद सिंचाई के महंगे बिलों से परेशान है। वहीं शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो किसान मजदूर संगठन प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगा।

झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति और ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी
जिला पंचायत सदस्य अंशुल चौधरी को ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी महासचिव चौधरी राजेंद्र कुमार संगठन प्रभारी नवीन मौर्य जी सचिन परम सिंह धीमान सदस्य अजय शर्मा जी कालूराम मुकेश पाल जी खाद्य आपूर्ति प्रभारी सत्येंद्र जी विधानसभा अध्यक्ष शेर सिंह प्रधान महेंद्र सिंह राजपाल सुक्कड सिंह रविंद्र सिंह विनय कुमार अमित कुमार महिपाल अंकित कुमार अमित कुमार संदीप इमारत राजेश कुमार मुकेश कुमार आजाद सिंह विनोद विजय कुमार मिंटू राजेश्वर कुमार ज्ञानेंद्र मनीष कुमार छोटन भी मौजूद रहे। संगठन ने कहा कि यदि आगामी विधानसभा सत्र में इन मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसान और मजदूर बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
