पिरान कलियर(सुमित सैनी)। हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को बेलड़ा निवासी अतिकुर्रहमान ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वार्ड नंबर-4, इमलीखेड़ा निवासी अब्दुल रहमान पुत्र इकलाख ने उनकी पुत्री को वर्ष 2020 से शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 178/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3(क), 4(2), 5(ठ) एवं 6 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई करते हुए 29 जुलाई 2026 को रहमतपुर गांव से वार्ड नंबर-4, इमलीखेड़ा निवासी 23 वर्षीय अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।हरिद्वार पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक विशाखा असवाल एवं हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे, जिन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
