
रुड़की (सुमित सैनी)। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) ने गुरुवार को खानपुर विधानसभा की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। महालक्ष्मीपुरम स्थित चौधरी चरण सिंह चौक के पास आयोजित बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में नई टीम का गठन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों, मजदूरों और समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं का समाधान कर उनके हितों की रक्षा करना है। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की रीति-नीति का पालन करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं संगठन मंत्री नवीन मार्या ने संगठन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और विस्तार योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने की अपील की।

बैठक का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी ने किया। उन्होंने संगठन की आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों और मजदूरों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।

नई कार्यकारिणी में छोटन कुमार को अध्यक्ष, मो. राजपाल को उपाध्यक्ष, नरेश पाल को महासचिव, प्रदीप कुमार को महामंत्री, जाकिर अली को प्रचार मंत्री, परवेज़ को कोषाध्यक्ष, नकली सिंह को सलाहकार, मो. फरमान अली, मो. अल्ताफ, राहुल और विपिन को सदस्य तथा देवराज को संरक्षक नियुक्त किया गया।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लिया। अंत में सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा किसानों, मजदूरों और समाज के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
