विधायक निधि की बाउंड्री वॉल पर सवाल, पहली बारिश में ही बैठी दीवार; घटिया निर्माण का आरोप माजरी गांव में बिना नींव निर्माण शुरू करने का दावा, स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता जांच और कार्रवाई की मांग की

इमलीखेड़ा/हरिद्वार। नगर पंचायत इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर 3 स्थित माजरी गांव में विधायक निधि से कराए जा रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण पहली ही बारिश में दीवार का हिस्सा बैठ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाउंड्री वॉल का निर्माण बिना पर्याप्त नींव (फाउंडेशन) खोदे शुरू कर दिया गया। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे दीवार की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का यह भी कहना है कि निर्माण कार्य में कई प्रकार की अनियमितताएं देखने को मिली हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, मामले की जानकारी लेने के लिए ठेकेदार और संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। यदि लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह विधायक निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग या ठेकेदार की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
