माय भारत से मिली नई पहचान, अब लाखों युवाओं को शिक्षा, करियर और तकनीकी नवाचार से जोड़ रहे हैं अमन कुमार
बागपत। कभी गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचकर परिवार की मदद करने वाले बागपत के युवा अमन कुमार आज देश के टॉप यूथ आइकॉन में अपनी पहचान बना चुके हैं। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री Mansukh Mandaviya के विशेष आमंत्रण पर अमन ने नई दिल्ली में युवाओं के भविष्य और विकास को लेकर संवाद किया तथा अपने अनुभव और नवाचारी प्रयास साझा किए।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले अमन कुमार की संघर्ष से सफलता तक की यात्रा ने सभी को प्रभावित किया। केंद्रीय मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। अमन कुमार को पहले भी Yogi Adityanath द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च युवा सम्मान “स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड” से सम्मानित किया जा चुका है।

अमन कुमार के जीवन में बड़ा बदलाव “माय भारत” से जुड़ने के बाद आया। डिप्टी डायरेक्टर अरुण तिवारी ने उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। इसके बाद अमन ने “प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360” के माध्यम से देशभर के करीब 84 लाख युवाओं को शिक्षा और करियर के अवसरों से जोड़ने का कार्य किया।
बागपत प्रशासन के साथ मिलकर अमन कुमार ने कांवड़ यात्रा एप, स्वीप बागपत एप और सूचना सेतु एप जैसे कई तकनीकी समाधान विकसित किए, जिनसे ई-गवर्नेंस को मजबूती मिली। वर्तमान में वह “कोई युवा पीछे न छूटे” मिशन के तहत युवाओं को माय भारत और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

नई दिल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान अमन कुमार ने गांव, जनपद और प्रदेशभर के युवाओं से चर्चा के आधार पर तैयार किए गए 40 सुझाव केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए। मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इन सुझावों की सराहना करते हुए युवाओं को “पंच प्रण” अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
अमन कुमार ने बागपत लौटकर जिलाधिकारी अस्मिता लाल और जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को आगे बढ़ाने में प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पिछले पांच वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय अमन “उड़ान यूथ क्लब” के अध्यक्ष भी हैं।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम में अमन कुमार ने उत्तर प्रदेश के ग्रुप कैप्टन के रूप में Narendra Modi, Rajnath Singh और Anandiben Patel के समक्ष प्रदेश के युवाओं के दल का नेतृत्व कर अपनी अलग पहचान बनाई।

बाल मजदूरी से निकलकर यूथ चैंपियन बने अमन कुमार को नोबेल शांति पुरस्कार विजेता Kailash Satyarthi भी सम्मानित कर चुके हैं। हाल ही में उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा में 75 जनपदों के युवाओं के बीच यूथ आइकॉन के रूप में सम्मान मिला। वर्ष 2025 में अमन कुमार को राष्ट्रीय “आई वॉलंटियर यूथ चैंपियन अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया गया।
