धनौरी क्षेत्र में ट्यूबवेलों पर चोरों का धावा, किसानों में आक्रोश
तीन जगह वारदात से मचा हड़कंप, पूर्व की चोरियों का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
धनौरी (सुमित सैनी)। क्षेत्र में खेतों पर लगे ट्यूबवेल एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गए हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर स्थित तीन ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए तांबे की केबल, स्टार्टर और लोहे का सामान चोरी कर लिया। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की जानकारी हुई तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
किसानों के अनुसार खेतों में सुनसान स्थानों पर लगे ट्यूबवेल लंबे समय से चोरों के निशाने पर हैं। इससे पहले भी क्षेत्र के कई किसानों के ट्यूबवेलों से केबल, स्टार्टर और अन्य उपकरण चोरी किए जा चुके हैं। किसानों का आरोप है कि पूर्व में हुई कई वारदातों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं से चोरों के हौसले बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
किसान मेनपाल गिरी ने घटना की सूचना 112 नंबर पर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेलों से सामान चोरी होने के कारण उन्हें सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, चोरी के बाद ट्यूबवेल बंद होने से खेतों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिसका असर फसलों पर पड़ सकता है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार सामने आ रही ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं को लेकर किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से खेतों और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व में हुई ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने तथा ताजा वारदातों में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में किसानों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है।
फिलहाल पुलिस के सामने लगातार हो रही इन वारदातों पर रोक लगाने के साथ-साथ पूर्व में लंबित चोरी के मामलों का खुलासा करने की चुनौती है। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं में शामिल आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।
