सोलानी श्मशान घाट को मिली 20 लाख की सौगात, पार्किंग भवन का लोकार्पण राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने किया उद्घाटन, शेष कार्यों को पूरा कराने का दिया आश्वासन
रुड़की (सुमित सैनी)। सोलानी नदी स्थित श्मशान घाट में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग भवन का लोकार्पण किया गया। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने फीता काटकर नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। पार्किंग भवन के शुरू होने से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए श्मशान घाट पहुंचने वाले लोगों को वाहनों की पार्किंग में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान श्मशान घाट समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी का आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से श्मशान घाट में अभी शेष रह गए आवश्यक कार्यों को भी पूरा कराने की मांग उनके समक्ष रखी गई। इस पर डॉ. कल्पना सैनी ने समिति को आश्वासन दिया कि श्मशान घाट में आवश्यक शेष कार्यों को पूरा कराने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर क्षेत्र की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के नेतृत्व में जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि जीवन की अंतिम यात्रा में व्यक्ति को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित वातावरण मिलना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से श्मशान घाटों में आवश्यक सुविधाओं और निर्माण कार्यों को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान मृतक के परिजनों और वहां पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सोलानी नदी स्थित श्मशान घाट में पार्किंग भवन के निर्माण से यहां आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा मिलेगी और परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश बाटा, ठाकुर शिवमंगल सिंह, देवेंद्र वर्मा, कमल, ठाकुर कर्ण सिंह, ठाकुर योगेंद्र प्रताप सिंह, मोदित गर्ग, ईश्वर लाल शास्त्री, यथार्थ वर्मा, ठाकुर अधिराज सिंह, रितेश भटनागर, लालचंद, संजीव रॉय पार्षद नगर निगम रुड़की, पंडित राकेश शर्मा बंधु एवं मुकेश धीमान सहित समिति के पदाधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
पार्किंग भवन के लोकार्पण के बाद अब समिति एवं स्थानीय लोगों ने श्मशान घाट में बचे हुए अन्य आवश्यक कार्यों को भी जल्द पूरा कराने की मांग की है।
