बालक-बालिका वर्ग में ब्लॉसम्स स्कूल सहदेवपुर का दबदबा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 30 खिलाड़ियों का होगा चयन
हरिद्वार (सुमित सैनी)। हरिद्वार यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को चौथी अंडर-18 जूनियर जिला स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा उत्तराखंड महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने रिबन काटकर किया। जिला खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के महासचिव चैंपियन सूरज रोड ने रोमा सैनी को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।शुभारंभ अवसर पर रोमा सैनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्होंने भी स्कूल के समय खो-खो खेला है। खो-खो भारत का सुंदर और पारंपरिक खेल है। प्रत्येक बच्चे को इस खेल से जुड़ना चाहिए और स्कूलों में खो-खो को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ स्वयं खो-खो खेलकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 तथा बालिका वर्ग की 8 टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।बालक वर्ग में ब्लॉसम्स स्कूल सहदेवपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोंटफोर्ट स्कूल रुड़की ने द्वितीय तथा हरिओम सरस्वती स्कूल धनौरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में भी ब्लॉसम्स स्कूल सहदेवपुर प्रथम स्थान पर रहा। हरिओम सरस्वती स्कूल धनौरी ने द्वितीय तथा हरिओम क्लब ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर हरिद्वार यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष एस.के. गुप्ता ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
हरिद्वार यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष नमन बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार सुमित चौहान ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ट्रॉफी एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी, भाजपा युवा नेता योगी रोड, क्षेत्रीय रोड धर्मशाला के पूर्व प्रधान सेवाराम रोड, खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जहीर अहमद, उपाध्यक्ष गौरव शर्मा एवं चंचल चौधरी समेत अनेक खेलप्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जहीर अहमद ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 15 बालक एवं 15 बालिकाओं, यानी कुल 30 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरिद्वार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।आयोजकों ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना और खो-खो जैसे पारंपरिक भारतीय खेल को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में विकास कुमार, रिहान, उदित चौधरी, मोहित कुमार, कनिका सैनी, मौनीश सहित अनेक लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
