रतमऊ पुल बना हादसों का खतरा, गड्ढों में तब्दील हुआ भगवानपुर-धनौरी मार्ग
प्रमुख मार्ग की बदहाली पर जिम्मेदार बेखबर, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे वाहन चालक
धनौरी (सुमित सैनी)। भगवानपुर-बाया-बहादराबाद-धनौरी मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सड़क पर पानी भरने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
सबसे ज्यादा खराब स्थिति रतमऊ पुल की बताई जा रही है। पुल पर बने गड्ढों में सरियों का जाल दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और लोहे की सरियां बाहर निकल आई हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ बड़े वाहनों के लिए भी यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
बारिश में बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण पुल और सड़क के गड्ढों में पानी भर गया है। पानी भरे गड्ढों के कारण वाहन चालक यह समझ नहीं पाते कि गड्ढा कितना गहरा है। अचानक वाहन के गड्ढे में जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को भगवानपुर, बहादराबाद और धनौरी क्षेत्र से जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया है।
जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और पुल की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभाग को तत्काल कदम उठाने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से रतमऊ पुल के गड्ढों को तत्काल भरने, बाहर निकली सरियों को सुरक्षित करने और भगवानपुर-धनौरी मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की सुध नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में यह मार्ग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
