चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 35 दिनों में 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून (सुमित सैनी)। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारों धामों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, हालांकि राज्य सरकार और प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। शनिवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड 96 हजार 116 श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए।
चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को हुई थी और मात्र 35 दिनों में कुल दर्शनार्थियों का आंकड़ा 20 लाख 76 हजार 553 तक पहुंच गया है। इनमें श्री केदारनाथ धाम में 8 लाख 11 हजार 923, श्री बदरीनाथ धाम में 5 लाख 56 हजार 437, श्री गंगोत्री धाम में 3 लाख 52 हजार 162 तथा श्री यमुनोत्री धाम में 3 लाख 56 हजार 031 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

शनिवार को श्री बदरीनाथ धाम में सर्वाधिक 32 हजार 219 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि श्री केदारनाथ धाम में 29 हजार 787, श्री गंगोत्री धाम में 17 हजार 897 और श्री यमुनोत्री धाम में 16 हजार 213 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
चारधाम यात्रा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित होने के कारण राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। बेहतर यात्रा प्रबंधन और व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
