
हरिद्वार/धनौरी: (सुमित सैनी)! गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के नवनियुक्त कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने कार्यभार संभालते ही प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों और कृषि संस्थानों का दौरा शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने आज कृषि विज्ञान केंद्र, धनौरी (हरिद्वार) का निरीक्षण किया।

कुलपति डॉ. कश्यप ने केंद्र की सुविधाओं, फार्म और विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया तथा वहां तैनात वैज्ञानिकों के साथ विस्तार से संवाद किया। उन्होंने रोजगारपरक प्रशिक्षण, इनसर्विस ट्रेनिंग, फील्ड डेटा संग्रहण और उससे शोध पत्र प्रकाशित करने की संभावनाओं पर गहन चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रसार तंत्र विश्वविद्यालय की रीढ़ है और इसे मजबूत किए बिना कृषि विकास संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने लघु एवं सीमांत किसानों के लिए संचालित योजनाओं और उनके प्रभाव का आगामी दौरों में निरीक्षण करने की इच्छा भी जताई। डॉ. कश्यप ने केंद्र के वैज्ञानिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उनके दौरे से वैज्ञानिकों में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। उन्होंने सभी वैज्ञानिकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके योगदान की सराहना की और केंद्र प्रभारी डॉ. पुरुषोत्तम के कार्यों की विशेष प्रशंसा की।

इस दौरान कुलपति ने केंद्र परिसर में रुद्राक्ष और सजावटी पौधों का रोपण भी किया। कार्यक्रम में डॉ. विनोद, डॉ. योगेंद्र सैनी, इंजीनियर उमेश कुमार सक्सेना, डॉ. रेनू, डॉ. सरिता, श्री विनोद, फकीरचंद और अमित सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
