
हरिद्वार (अनुज कुमार)। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ मेले को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को हर की पौड़ी से भीमगोड़ा क्षेत्र तक स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई स्थानों पर फुटपाथों और नालियों के ऊपर दुकानें संचालित की जा रही थीं, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आगे बढ़ी दुकानों को पीछे हटवाया और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में फुटपाथ या नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण के कारण यातायात और व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निगरानी रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान तहसीलदार सचिन कुमार एवं हर की पौड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी भी मौके पर मौजूद रहे।
