चांद इंडियन गैस एजेंसी कलियर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, सिलेंडर वितरण में देरी से उपभोक्ताओं में आक्रोश
ऑनलाइन भुगतान के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, होम डिलीवरी शुल्क वसूलने के बावजूद गोदाम से सिलेंडर लेने को कहा जा रहा; शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप।
कलियर(सुमित सैनी)। पिरान कलियर स्थित चांद इंडियन गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान करने के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। इतना ही नहीं, कई मामलों में बुकिंग के लगभग एक सप्ताह बाद बिना सिलेंडर की आपूर्ति किए ही बुकिंग रद्द (कैंसिल) होने का संदेश भी मोबाइल पर प्राप्त हो रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी के नाम पर पूरा शुल्क लिया जाता है, लेकिन गैस सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचाए जाते। उनका आरोप है कि डिलीवरी वाहन कई बार गांव के बाहर से ही लौट जाता है। जब वाहन चालक से जानकारी ली जाती है तो वह एजेंसी का नंबर दे देता है, जबकि एजेंसी में फोन करने पर या तो कॉल रिसीव नहीं होती या फिर जवाब मिलता है कि फिलहाल गाड़ी नहीं आएगी।कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन भुगतान के बाद भी उन्हें एक सप्ताह से अधिक समय तक सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी से संपर्क करने पर उन्हें स्वयं गैस गोदाम से सिलेंडर ले जाने के लिए कहा गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि होम डिलीवरी का शुल्क लिया जा रहा है तो फिर उपभोक्ताओं को गोदाम बुलाना उचित नहीं है।

उपभोक्ताओं के अनुसार, इस संबंध में उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन उन्हें केवल फील्ड अधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी गई। आरोप है कि फील्ड अधिकारी भी फोन रिसीव नहीं करते। एक उपभोक्ता ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शिकायत के बाद भी गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई और न ही किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई दिखाई दी।ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि जानकारी के अभाव का लाभ उठाकर एजेंसी मनमानी कर रही है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से उपभोक्ताओं में एजेंसी के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
