भगवानपुर (सुमित सैनी)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भगवानपुर ब्लॉक के ग्राम बेहड़की सैदाबाद में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गांव के कई हिस्सों में जलभराव होने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित त्यागी तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने भगवानपुर एसडीएम से फोन पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और तत्काल राहत कार्य शुरू कराने की मांग की।

सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और पटवारी व कानूनगो मौके पर पहुंचे। क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित त्यागी एवं विनय त्यागी ने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कराया तथा ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।अंकित त्यागी ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं विनय त्यागी ने कहा कि हर वर्ष बरसात के मौसम में गांव के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत कार्य शुरू करने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
