हरिद्वार (सुमित सैनी)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 10 जुलाई को जनपद में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विद्यार्थियों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में सभी विद्यालय संचालकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश संबंधी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें।

इसके अलावा सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित आपदा या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं तैयारियों को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहें तथा केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
