रुड़की: जलभराव से घिरा कस्तूरबा गांधी छात्रावास, सैकड़ों छात्राओं की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
रुड़की (सुमित सैनी)। लगातार हो रही बारिश ने रुड़की के बाजुहेड़ी गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास की छात्राओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हल्की बारिश होते ही छात्रावास के बाहर की सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे सैकड़ों छात्राओं की सुरक्षा, आवागमन और पढ़ाई प्रभावित हो रही है।हाल ही में हुई बारिश के बाद छात्रावास के बाहर का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। सड़क पर पानी भर जाने से छात्रावास का बाहरी संपर्क लगभग कट गया और छात्राओं को पूरे दिन परिसर के भीतर ही रहना पड़ा। जलभराव के कारण वे विद्यालय भी नहीं पहुंच सकीं।

छात्राओं का कहना है कि यह समस्या नई नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी है। हर बरसात में सड़क पर पानी भर जाता है और वही पानी छात्रावास परिसर तक पहुंच जाता है। जलभराव के साथ सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के परिसर में आने का खतरा भी बढ़ जाता है, जिससे छात्राओं और स्टाफ में लगातार भय का माहौल बना रहता है।छात्रावास की केयरटेकर ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और ग्राम प्रधान को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में छात्राओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता का विषय बन जाती है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास के बाहर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, सड़क की मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने का कार्य कराया जाए तथा छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
