हरिद्वार (सुमित सैनी)। उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर कार्य करने का गौरव प्राप्त करने पर सहकारी गन्ना विकास समिति ज्वालापुर के उपाध्यक्ष विशेष चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विशेष चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों, विशेषकर गन्ना किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर गन्ना मूल्य भुगतान, सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।
विशेष चौहान ने मुख्यमंत्री को जनहितैषी और संवेदनशील नेता बताते हुए कहा कि वे प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति उनकी गंभीरता के कारण आज प्रदेश का किसान सरकार के प्रति विश्वास और संतोष का अनुभव कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हुए हैं, जिससे उत्तराखंड को नई पहचान मिली है। किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। विशेष चौहान ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करता रहेगा। इस दौरान अरविंद कुमार, श्रवण चौहान, अंकित चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
