धनौरी (सुमित सैनी)। हरिद्वार के धनोरी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज एक बार फिर विवादों में आ गया है। कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की SIT और विजिलेंस जांच कराने की मांग की गई है।

नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के सचिव प्रियांशु काम्बोज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और एसएसपी हरिद्वार के नाम शिकायत प्रकोष्ठ में विस्तृत शिकायत सौंपी।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज से जुड़े कई मामलों में लंबे समय से अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ट्रस्ट के विधि विशेषज्ञ कृष्णकांत ने बताया कि शिकायत में फर्जी सदस्यता और चुनाव, वर्ष 2012 की चतुर्थ श्रेणी नियुक्तियों में कथित अनियमितताएं, सरकारी धन के दुरुपयोग, महत्वपूर्ण अभिलेखों के गायब होने, ग्राम समाज की भूमि के कथित अवैध विक्रय तथा बिना वैध लीज के सरकारी भूमि पर संस्थान एवं व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि शिकायत के साथ विभागीय पत्राचार, पूर्व जांच रिपोर्टों और अन्य संबंधित दस्तावेजों का भी उल्लेख किया गया है। उनका कहना है कि पहले भी विभिन्न स्तरों पर जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए अब पूरे मामले की निष्पक्ष SIT और विजिलेंस जांच कराए जाने की मांग की गई है। शिकायत में वित्तीय लेनदेन के फोरेंसिक ऑडिट, भूमि अभिलेखों की जांच, कथित नियुक्तियों की पड़ताल, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच और आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। इस दौरान प्रियांशु काम्बोज, राहुल कुमार, दिव्यांशु काम्बोज, नीरज सैनी, राकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
