
रुड़की ।भारतीय किसान यूनियन रोड में लगातार इस्तीफों का दौर जारी है। इसी क्रम में खाता खेड़ी निवासी एवं भारतीय किसान यूनियन रोड के जिला अध्यक्ष नाजिम अली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड को सौंपते हुए संगठन के अंदर चल रही गतिविधियों पर नाराजगी जाहिर की।
नाजिम अली ने कहा कि वह पिछले लगभग 15 वर्षों से संगठन में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे, लेकिन पिछले कुछ समय से यूनियन के अंदर जो परिस्थितियां बन रही हैं, वह ठीक नहीं हैं। इन्हीं बातों से आहत होकर उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि “मैं अल्लाह से दुआ करता हूं कि जिस संगठन में मैंने इतने वर्षों तक काम किया, वह संगठन आगे बढ़े और लोगों की सेवा करता रहे।” नाजिम अली के इस्तीफे के बाद संगठन के अंदर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय किसान यूनियन रोड के युवा प्रदेश अध्यक्ष सचिन गिरी भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इस्तीफा दे चुके हैं।

लगातार हो रहे इस्तीफों से संगठन की अंदरूनी स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर ऐसी कौन सी वजह है, जिसके चलते संगठन के पदाधिकारी एक के बाद एक किनारा कर रहे हैं।
