देहरादून। हाथीपांव पैदल मार्ग के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक वाहन अचानक गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
आपदा कंट्रोल रूम, देहरादून से मिली सूचना के आधार पर सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू के दौरान SDRF जवानों ने खाई में गिरे एक युवक और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घायलों की पहचान भार्गव शर्मा (24) निवासी पंडितवाड़ी, देहरादून और दिशा रावल (24) निवासी प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है। दोनों को हल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
वहीं, वाहन में सवार एक अन्य युवक अभी भी फंसा हुआ है। SDRF की सर्चिंग में पता चला है कि वह युवक वाहन और चट्टान के बीच फंसा हुआ है। वाहन खाई में बेहद खतरनाक स्थिति में लटका हुआ है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा क्रेन मंगवाई जा रही है। SDRF टीम मौके पर डटी हुई है और लगातार रेस्क्यू अभियान जारी है।
👉 अपडेट का इंतजार, ऑपरेशन जारी…
