रुड़की में जश्न का माहौल, विधायक प्रदीप बत्रा के कैबिनेट मंत्री बनने पर भव्य स्वागत

भाजपा जिला कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न, कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जताई खुश
रुड़की (सुमित सैनी)। उत्तराखंड सरकार में रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। कार्यक्रम में डॉ. मधु सिंह ने प्रदीप बत्रा को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि यह पूरे रुड़की क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और विश्वास जताया कि प्रदीप बत्रा अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश व क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री का स्वागत किया और उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनहित के मुद्दों का प्रभावी समाधान होगा।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा। मिठाइयां बांटकर कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी जाहिर की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य प्रदेश के विकास के साथ-साथ रुड़की क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना रहेगा।
