डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बिचौलियों से दूर रहने की आमजन से अपील
हरिद्वार, 05 सितंबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने एआरटीओ कार्यालय परिसर, रोशनाबाद का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों एवं पटलों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके साथ ही अभिलेखों एवं पंजिकाओं के रखरखाव, लंबित प्रकरणों, ई-ऑफिस व्यवस्था, साफ-सफाई तथा आमजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर और उसके आसपास अनधिकृत रूप से संचालित ढाबों तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया। इसके अलावा कार्यालय के बाहर अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को भी वहां से हटाते हुए परिसर की व्यवस्था को व्यवस्थित कराया गया।अधिकारियों ने संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिना किसी वैध कार्य के एआरटीओ कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास अनावश्यक रूप से न बैठें और न ही किसी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि में शामिल हों। भविष्य में दोबारा बिना कार्य के कार्यालय परिसर में पाए जाने अथवा अनधिकृत गतिविधि करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं कराएं और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या बिचौलिए के संपर्क में न आएं।
