लिटिल स्कॉलर हाईस्कूल में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्नों ने मन मोहा, कृष्ण लीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कलियर(सुमित सैनी)। क्षेत्र के लिटिल स्कॉलर हाईस्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में स्कूल पहुंचे। नन्हे कान्हाओं की मुरली और राधा के स्वरूप में सजी बच्चियों ने सभी का मन मोह लिया। राधे-कृष्ण के जयघोष से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा गोयल ने विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद ‘राधे-राधे’ भजन की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत जन्माष्टमी डांस की शानदार प्रस्तुतियों ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानाचार्या सीमा गोयल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और हमारी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्म, प्रेम, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
