नशे के खिलाफ पुलिस और जनता मिलकर लड़ेंगे जंग, नाबालिगों को वाहन न देने की अपील
धनौरी चौकी प्रभारी ने गणमान्य लोगों व स्थानीय नागरिकों के साथ की बैठक, नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को देने का आह्वान
धनौरी (सुमित सैनी)। धनौरी चौकी के नवनियुक्त चौकी प्रभारी मुन्नवर सिद्दकी ने मंगलवार को क्षेत्र के गणमान्य लोगों और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से बढ़ते नशे के प्रचलन पर अंकुश लगाने और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने को लेकर चर्चा हुई।
चौकी प्रभारी मुन्नवर सिद्दकी ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा है। नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस के साथ आमजन का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है अथवा युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य वाहन न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में वाहन चलाने से सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है और बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
बैठक में चौकी प्रभारी ने गणमान्य लोगों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत तालमेल से ही अपराध तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। चौकी प्रभारी ने भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से हरसंभव कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
