नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार
24 घंटे में मुख्य आरोपी दबोचा, जांच में होटल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने का पुलिस का दावा; लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी
ऋषिकेश (अनुज कुमार)। ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान होटल प्रबंधन की कथित लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने पर होटल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोफियान (21), निवासी मुजफ्फरनगर को 31 अगस्त को हरिद्वार स्थित सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बरामद हुए हैं।
जांच के दौरान पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को होटल में उचित पहचान और सत्यापन के बिना प्रवेश दिया गया था तथा आवश्यक रजिस्टर में भी उसकी एंट्री नहीं की गई। पुलिस का आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद होटल प्रबंधन की ओर से संबंधित अधिकारियों को सूचना नहीं दी गई। इसके अलावा, पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान सीसीटीवी कैमरों को बंद किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता (34) और संचालक राहुल अग्रवाल (36) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि संबंधित होटल के खिलाफ सराय एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने के लिए उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
