दरियापुर दयालपुर में किसानों-मजदूरों की बैठक, विधायक फुरकान अहमद को सौंपा ज्ञापन
सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली-पानी और स्थानीय युवाओं को 70% रोजगार की मांग, विधायक ने विधानसभा में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन
रुड़की (सुमित सैनी)। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरियापुर दयालपुर में किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) की ओर से किसानों, मजदूरों और स्थानीय युवाओं की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और मजदूर शामिल हुए। इस दौरान संगठन की ओर से क्षेत्रीय विधायक फुरकान अहमद को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में किसानों को सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और पानी उपलब्ध कराने तथा उत्तराखंड के स्थानीय युवाओं को सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी उद्योगों में न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश कहा जाता है, ऐसे में किसानों को नहरों, सरकारी और निजी नलकूपों से सिंचाई के लिए महंगे बिजली बिल एवं वॉटर सेस से राहत मिलनी चाहिए। साथ ही सिडकुल सहित प्रदेश के सभी उद्योगों में स्थानीय मूल निवासी युवाओं के लिए रोजगार का प्रावधान प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए।
संगठन ने बताया कि इन मांगों को लेकर इससे पहले 5 जून 2026 को मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है। संगठन ने विधायक फुरकान अहमद से आगामी विधानसभा सत्र में किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े इन मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने की अपील की।बैठक में पहुंचे विधायक फुरकान अहमद ने संगठन और ग्रामीणों की मांगों को किसानहित, युवाहित एवं जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि किसान और युवा राज्य की नींव हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा सत्र में इन मांगों को सदन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और क्षेत्रवासियों के हित में समाधान का प्रयास किया जाएगा।
संगठन पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन पूर्व में भी घर-घर गन्ना पर्ची पहुंचाने, चीनी मिलों का डाटा ऑनलाइन कराने, खराब सरकारी नलकूपों को चालू कराने तथा बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में अवैध रूप से गन्ना खरीद पर रोक लगाने जैसे मुद्दे उठा चुका है।संगठन का कहना है कि सरकार के स्तर पर समाधान से जुड़ी मांगों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को क्रमवार ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। बैठक में संगठन की मुहिम से प्रभावित होकर कई ग्रामीणों द्वारा सदस्यता ग्रहण किए जाने की बात भी कही गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेठपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदपाल सैनी, कलियर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसरार, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, महानगर रुड़की अध्यक्ष सतीश चंद्र फौजी, नगर महामंत्री नाथी राम सैनी, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी सत्येंद्र सैनी, राष्ट्रीय रक्तदान प्रभारी योगेंद्र सैनी, राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, नगर संरक्षक गोपाल सैनी सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
