गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर गूंजा समरसता का संदेश, ‘कलश वंदन’ कार्यक्रम में जुटे सैकड़ों लोग
‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
बहादराबाद (सुमित सैनी)। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत हरिद्वार में भव्य ‘कलश वंदन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान एवं राज्य मंत्री डॉ. सुरेंद्र सिंह मोगा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के चित्र एवं कलश पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपनी वाणी और जीवन के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति एवं भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान मानने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने के लिए संत रविदास महाराज के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना तथा संत रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा समाज में समानता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री रविंद्र वाल्मीकि, प्रदेश महामंत्री विनोद लख्खा, प्रदेश कार्यालय प्रभारी दयाराम, प्रदेश कोषाध्यक्ष जॉनी केसरिया, प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र प्रधान, जिला महामंत्री प्रिंस सत्यवीर, जिला उपाध्यक्ष राजबीर कलानिया एवं लव शर्मा, जिला मंत्री रिशु चौहान सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष तेलूराम प्रधान सहित संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुबोध राकेश, जिला मंत्री भूप सिंह, प्रदेश सदस्य सतीश कुमार, आयोग के सदस्य मनोज गौतम, प्रताप प्रधान, अश्वनी कांबोज, रीता सैनी, मंडल महामंत्री शिवम चौहान, ब्रज रानी, हिमांशु, अनुज चौहान, प्रमोद शर्मा, नाथी राम, विपिन शर्मा, राजेंद्र कटारिया, विनित जोली, प्रमोद कुमार, सतिश, संजय, विपुल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।
