किसानों को मुफ्त बिजली-पानी और स्थानीय युवाओं को 70% रोजगार की मांग, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को सौंपा ज्ञापन
किसान मजदूर संगठन ने उठाई किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याएं; मंत्री ने मांगों को बताया जनहित में जायज
रुड़की(सुमित सैनी)। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) के प्रतिनिधिमंडल ने रुड़की विधानसभा के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा।
संगठन ने मांग की कि उत्तराखंड के किसानों को नहरों तथा सरकारी एवं निजी ट्यूबवेल से सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और पानी उपलब्ध कराया जाए। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड के किसानों को भी सिंचाई में राहत मिलनी चाहिए।
इसके साथ ही संगठन ने राज्य में स्थापित सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी उद्योगों, विशेषकर सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में उत्तराखंड के स्थानीय मूल निवासी युवाओं को न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार देने के प्रावधान को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी ने कहा कि उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश के रूप में देश को जल और जलविद्युत उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के संसाधनों से दूसरे प्रदेशों को लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई से जुड़े खर्चों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित और स्थापित हो रहे उद्योगों में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने के कारण पलायन की समस्या भी बढ़ रही है। महक सिंह सैनी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होगा।
मांग पत्र स्वीकार करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने संगठन की मांगों को किसान, मजदूर और युवा हित से जुड़ा बताते हुए सकारात्मक रुख व्यक्त किया। संगठन के अनुसार, मंत्री ने आश्वासन दिया कि मांगों को शासन स्तर पर उचित तरीके से उठाते हुए उनके समाधान के लिए जल्द प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री के आश्वासन के बाद संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र कुमार सहित पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेठपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदपाल सैनी, कलियर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसरार, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, महानगर रुड़की कमेटी अध्यक्ष सतीश चंद्र फौजी, नगर महामंत्री नाथी राम सैनी, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी सत्येंद्र सैनी, राष्ट्रीय रक्तदान प्रभारी योगेंद्र सैनी, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश धीमान, लक्ष्मीचंद, रविंद्र कुमार, राष्ट्रीय प्रभारी संगठन नवीन मारिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, नगर संरक्षक गोपाल सैनी एवं गजें सिंह सैनी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
