देवभूमि का माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: सुनील सैनी
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुरक्षित और विकास की राह पर अग्रसर, सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
हरिद्वार(सुमित सैनी)। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुरक्षित, विकसित और समृद्ध राज्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
सुनील सैनी ने रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा कथित तौर पर देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धमकी देने संबंधी बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने की रक्षा के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का वह पूर्ण समर्थन करते हैं। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने अथवा भड़काऊ बयानबाजी के जरिए माहौल खराब करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्य मंत्री ने जनसांख्यिकीय बदलाव (डेमोग्राफी चेंज) के मुद्दे पर भी सरकार की नीति का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश हित से जुड़े ऐसे विषयों पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अब तक लगभग 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।सुनील सैनी ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, देवभूमि के मूल स्वरूप और सामाजिक संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इनमें कड़ा भू-कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
