पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड में खराब प्याज का इस्तेमाल पकड़ा, मीट प्रोडक्ट व आइसक्रीम-डेजर्ट की बिक्री पर रोक; लाइसेंस निलंबन की संस्तुति
हरिद्वार (सुमित सैनी)। रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शनिवार को हरिद्वार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने रेस्टोरेंट, ऑनलाइन खाद्य प्लेटफॉर्म, मिठाई की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बर्गर एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में बदबूदार, खराब और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त कटे हुए प्याज का इस्तेमाल किया जाना पाया गया।
इसके अलावा टोरटिला रैप के लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि मिटाए जाने तथा खाद्य लाइसेंस में आवश्यक कैटेगरी और नए नॉमिनी का इन्डोर्समेंट नहीं होने की बात सामने आई। कार्रवाई करते हुए मौके पर मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई। विभाग ने रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस के निलंबन की भी संस्तुति की है। मौके से आइसक्रीम डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
वहीं आर्यनगर में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े इंस्टाकार्ट के निरीक्षण में कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। खाद्य सामग्री का रखरखाव और भंडारण भी मानकों के अनुरूप नहीं मिला, जिस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा पटियाला, पंजाब की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों को लेकर नोटिस दिया गया। यहां से देशी घी, भुना चना और दाल के तीन नमूने लिए गए।
पिरान कलियर में उर्स मेले के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए।

रुड़की शहर में मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण किया गया। यहां से बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के तीन नमूने लिए गए। निरीक्षण कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील और मेन बाजार क्षेत्र में कई दुकानें बंद होने लगीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में पूरे जनपद से कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए हैं।
