कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी से की मुलाकात, निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग
हरिद्वार (सुमित सैनी)। बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गोवंश की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि तीन गोवंश की मौत का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की जाए और यदि जांच में किसी व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी भी राजनीतिक प्रभाव अथवा दबाव के कारण कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं, कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि यदि जांच में वाहन चालक की लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी से मामले की जांच में पारदर्शिता बरतने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी दबाव के कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नंद लाल यादव, विवेक त्यागी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
