रक्षाबंधन पर नंद विहार और इमलीखेड़ा में दिखा उत्साह, एक बुराई छोड़ने और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

रुड़की (सुमित सैनी)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का उत्सव देखने को मिला। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री रोमा सैनी ने नंद विहार रुड़की और इमलीखेड़ा क्षेत्र में पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर रोमा सैनी ने इमलीखेड़ा नगर पंचायत के चेयरमैन मनोज सैनी, कार्यालय स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य लोगों तथा पर्यावरण मित्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्जवल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की। रक्षा सूत्र बांधने के साथ ही उन्होंने उपस्थित भाइयों को सामाजिक जिम्मेदारी का एक अनूठा संकल्प भी दिलाया।
रोमा सैनी ने सभी से अपने जीवन की एक बुराई का त्याग करने, सदैव सच्चाई एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलने तथा समाज में बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया।इस मौके पर रोमा सैनी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एक पवित्र बंधन है। यह बहनों के सम्मान, सुरक्षा और भाइयों की जिम्मेदारियों का प्रतीक है। रक्षा सूत्र का यह धागा केवल कलाई पर नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भाई को इस रिश्ते की गरिमा और जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं आत्मीयता के साथ जीवनभर निभाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रक्षाबंधन के पर्व का महत्व और भी बढ़ जाता है। समाज की जिम्मेदारी है कि बहन-बेटियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभानी होगी।कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत इमलीखेड़ा के चेयरमैन मनोज सैनी ने रोमा सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिलाया गया संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में पर्यावरण मित्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्यों से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिल रही है और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं और भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को प्रेम, विश्वास, सम्मान एवं सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मजबूत बनाने का संदेश दिया।
