धनौरी वन बीट क्षेत्र में खैर के पेड़ पर चली आरी वन विभाग की टीम को देख वन तस्कर फरार
कांवड़ पटरी पर पेड़ काटकर उनके टुकड़े कर रहे थे तस्कर, टीम ने लकड़ी कब्जे में लेकर शुरू की जांच
धनौरी (सुमित सैनी)। धनौरी वन बीट क्षेत्र में बेशकीमती खैर के पेड़ पर एक बार फिर वन तस्कर माफियाओं ने आरी चला दी कांवड़ पटरी पर खैर के पेड़ को काटकर उसके टुकड़े किए जा रहे थे। इसी दौरान वन विभाग की गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को देखते ही पेड़ काट रहे लोग लकड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान वनकर्मी की नजर कांवड़ पटरी के समीप काटे गए खैर के पेड़ पर पड़ी। मौके पर पेड़ के टुकड़े किए जा चुके थे और उन्हें बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। वनकर्मी को देखते ही आरोपी मौके से भाग निकले।
वनकर्मी ने तत्काल मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आसपास के वन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठा कर तब तक मौके से फरार हो चुके थे। वन विभाग की टीम ने काटे गए खैर के पेड़ और लकड़ी के टुकड़ों को कब्जे में ले लिया है।
वन विभाग के क्षेत्रय दरोगा इंद्र सिंह से मिलिजानकारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की पहचान तथा तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पेड़ काटने वालों को जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
