सेंट मैरी स्कूल में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान
हरिद्वार(सुमित सैनी)। छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेंट मैरी स्कूल में जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात, साइबर अपराध से बचाव और नशे से दूर रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अभियान के दौरान सीओ बिपेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार तथा रेल चौकी प्रभारी ज्वालापुर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। अधिकारियों ने सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी।
साइबर अपराध को लेकर विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। वहीं, नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें। अभियान का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में जागरूकता बढ़ाना रहा।

