पिरान कलियर में देशभक्ति के रंग में रंगा Sheffield School, बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

पिरान कलियर (सुमित सैनी)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर Sheffield School में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पिरान कलियर के झंडा चौक से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराते ही पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा। इस दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं विदेश से आईं दो शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने भारत की स्वतंत्रता, देश की संस्कृति और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर अपने विचार साझा किए।
इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, देश के प्रति जिम्मेदारी और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
