स्वतंत्रता दिवस पर जनपद में हर्षोल्लास का माहौल, डीएम मयूर दीक्षित ने किया ध्वजारोहण
हरिद्वार, 15 अगस्त 2026 (सोनिया)। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाने और उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर कार्यालयों में पहुंचते हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के उनकी समस्याओं का तत्परता से निराकरण करें, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान
समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, सुनीता त्रिपाठी, सरिता नेगी पंवार (सेवानिवृत्त विंग कमांडर) तथा राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत और जसवंत सिंह बिष्ट को सम्मानित किया गया।
गंगा में रेस्क्यू करने वाले जवान सम्मानित
कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत
समारोह में आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में रोपे 100 पौधे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन एवं एकुम्स कंपनी के सहयोग से अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा चंदन और गुलमोहर के कुल 100 पौधे रोपित किए गए।
इससे पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, एनडीआरएफ एवं पुलिस के जवान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके परिजन, राज्य आंदोलनकारी, कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्राएं मौजूद रहे।
