नाबालिग को ब्लैकमेल कर घर पर की फायरिंग, पिरान कलियर पुलिस ने तीन आरोपियों को तमंचे सहित किया गिरफ्ता
कलियर। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में नाबालिग को ब्लैकमेल कर परिवार को डराने के लिए घर पर फायरिंग करने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।दरअसल, ग्राम इमलीखेड़ा निवासी मुकेश उर्फ छेटा ने 7 मार्च 2026 को थाना पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि मुराद अंसारी नाम का युवक उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था और लगातार धमकियां दे रहा था।आरोप है कि 7 मार्च की शाम आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और परिवार में दहशत फैलाने के लिए देशी तमंचे से फायरिंग कर मौके से फरार हो गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाया।

इसी दौरान 8 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अब्दाल शाह रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी मुराद अंसारी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खोखा कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुराद अंसारी निवासी नसीरपुर कला, दीपू सैनी निवासी भोवापुर चमरावल और सुधांशु उर्फ ढोली निवासी बादशाहपुर शामिल हैं। तीनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।हरिद्वार पुलिस का कहना है कि महिला और बाल अपराधों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और क्षेत्र में गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
