देहरादून–सहारनपुर मुख्य हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल्स से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा मोहब्बेवाला के पास हुआ, जिसके कारण दोनों ओर से आने-जाने वाला यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

हादसे के बाद देहरादून से सहारनपुर और सहारनपुर से देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे पर ट्रक पलटने से मार्ग अवरुद्ध हो गया और आसपास के रास्तों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस और देहरादून ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के लिए यातायात को दोनों ओर से डायवर्ट किया गया।
पुलिस द्वारा जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द मार्ग को सुचारू किया जा सके। वहीं प्रमेन्द्र सिंह डोभाल (एसएसपी देहरादून) ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था संभालने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए फिलहाल इस मार्ग का प्रयोग करने से बचें और अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने में जुटी हुई है। 🚨🚔
