हरिद्वार / पिरान कलियर
पिरान कलियर क्षेत्र की होनहार बेटी फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर IAS अधिकारी बनकर पूरे क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से नगर पंचायत पिरान कलियर सहित पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।

फ़ैरुज़ फ़ातिमा की सफलता केवल एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और पिता के सपनों को साकार करने की प्रेरणादायक मिसाल है। उनके पिता इक़बाल साहब, जो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर हैं, उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। दिन-रात मेहनत कर उन्होंने अपनी बेटी को आगे बढ़ने का हौसला दिया।फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने भी अपने पिता की मेहनत और विश्वास को सार्थक करते हुए कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई की और आखिरकार IAS बनकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। खास बात यह है कि फ़ैरुज़ फ़ातिमा एक प्रतिभाशाली रग्बी खिलाड़ी भी रही हैं। उन्होंने सोनाली नदी के मैदान से अपने खेल और संघर्ष की शुरुआत की थी। खेल और पढ़ाई दोनों में संतुलन बनाते हुए उन्होंने यह बड़ा मुकाम हासिल किया।उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन और पूरे रग्बी परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी उनकी सफलता को बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
✨ यह सफलता साबित करती है कि अगर बेटियों को परिवार का साथ और आगे बढ़ने का अवसर मिले, तो वे हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।
