कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
साधुबेला, भूपतवाला और बैरागी कैंप क्षेत्र में ढाबों व रेस्टोरेंट्स का आकस्मिक निरीक्षण, स्वच्छता व गुणवत्ता के दिए निर्देश
हरिद्वार, 6 अगस्त (सुमित सैनी)। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया।आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देशन में सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में अभियान दल ने साधुबेला, भूपतवाला और बैरागी कैंप क्षेत्र के स्थायी एवं अस्थायी ढाबों, रेस्टोरेंट्स तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्रीम, कढ़ी-पकौड़ा, बेसन और स्ट्रिंग एनर्जी ड्रिंक सहित कुल चार खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी। अधिकारियों ने ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, ताजा भोजन परोसने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा गुणवत्तायुक्त कच्ची सामग्री का ही उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी गई।
अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डे एवं कैलाश चन्द्र शर्मा भी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

