SIR नोटिसों पर कांग्रेस का हमला, राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा बोले— मतदाताओं को किया जा रहा परेशान
हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग
हरिद्वार (सुमित सैनी)। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत जारी किए जा रहे मतदाता सत्यापन नोटिसों को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट कारण बताए बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बन रही है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि SIR प्रक्रिया को लेकर प्रदेशभर में चिंता का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई नोटिसों में त्रुटि का कारण तक नहीं बताया गया है। उनके अनुसार, उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भी नोटिस मिला है, जबकि हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर 800 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं। आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की लंबी कवायद के बावजूद इस तरह की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हरिद्वार जिले में कुछ स्थानों पर बीएलओ की सहमति के बिना मतदाता बनाए जाने की शिकायतें मिली हैं तथा कुछ मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि बिना स्पष्ट त्रुटि बताए नोटिस भेजे जाने से मतदाता अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं और उनमें असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए जाने पर जोर दिया। इस अवसर पर नईम कुरैशी, फुरकान अली, विकास चंद्रा, अरशद, कैलाश प्रधान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
