रसूलपुर में नकबजनी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तारऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर पुलिस की कार्रवाई, एक लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद
कलियर (सुमित सैनी)। ग्राम रसूलपुर तेलीवाला में घर का कुंडा तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पिरान कलियर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई संपत्ति का एक हिस्सा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को रसूलपुर तेलीवाला निवासी प्रदीप कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर के दरवाजे का कुंडा तोड़कर कमरे में रखी अलमारी से करीब दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 184/26 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त को हद्वीपुर गांव से दो वांछित आरोपियों अभय सैनी (24) पुत्र अनिल कुमार निवासी डाडा पट्टी, थाना भगवानपुर और आदित्य सैनी उर्फ आदि (19) पुत्र राजकुमार सैनी निवासी रसूलपुर तेलीवाला, थाना कलियर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की संपत्ति के रूप में एक लाख रुपये नकद, दो पचागले, छह जोड़ी बिछुए, 21 सिक्के और चार कंगन बरामद किए हैं। बरामद आभूषण सफेद धातु के बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ थाना फतेहपुर सहारनपुर और थाना भगवानपुर में पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल 336 सोनू कुमार और हेड कांस्टेबल 271 इसरार अली शामिल रहे।
