राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी में बड़ा हादसा, कांग्रेस नेता अमर मेहता का निधन देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में टेंट लगाने के दौरान सिर पर गिरा लोहे का एंगल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून में एक दुखद हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड में टेंट लगाने के दौरान लोहे का एंगल कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखा गया। चिकित्सकों की टीम लगातार उनका इलाज करती रही, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

अमर मेहता के निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे प्रदेश कांग्रेस संगठन को स्तब्ध कर दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
