
लक्सर (सुमित सैनी)। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने गुरुवार को लक्सर विधानसभा क्षेत्र के एथल और शेखपुरी गांव में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और हरेला पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले एथल गांव में सांसद निधि से 5-5 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो सड़कों का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके बाद शेखपुरी गांव में 20 लाख रुपये की लागत से बने खड़ंजे का लोकार्पण कर उसे ग्रामीणों को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि केंद्र एवं उत्तराखंड की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सांसद ने कहा कि यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

वहीं, ग्राम प्रधान पति कर्मजीत सिंह ने कहा कि गांव की सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी के प्रयासों से नई सड़कों का निर्माण हुआ है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों की ओर से सांसद का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य डॉ. अली जान, गुरुदेव सिंह, निशांत सिंह, कैप्टन बख्शीस सिंह, बलकार सैनी, राजकुमार सैनी, रॉकी सैनी, किशन सिंह, पटेल सिंह, महिपाल सिंह, कुशल पाल सिंह, जयसिंह, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
